सुधी पाठकों ! वेद-सार में संस्कृत में लिखे मंत्र वेदों और वेदों पर आधारित पुस्तकों से लिए गए हैं .फिर भी ट्रांस लिट्रेसन के कारण छोटी मोटी त्रुटि संभव है . वेद मन्त्रों के अर्थ संस्कृत के बड़े बड़े विद्वानों द्वारा किये गए अर्थ का ही अंग्रेजीकरण है . हिंदी की कविता मेरा अपना भाव है जो शब्दशः अनुवाद न होकर काव्यात्मक रूप से किया गया भावानुवाद है . इस लिए पाठक इस ब्लॉग को ज्ञान वर्धन का साधन मानकर ही आस्वादन करें . हार्दिक स्वागत और धन्यवाद .



Thursday, June 26, 2014

ईशोपनिषद मन्त्र -११

सम्भूतिं च विनाशं च यस्तद्वेदोभयं सह । 
विनाशेन मृत्युं तीर्त्वा संभूत्यामृतमश्नुते II 11 II 

नहीं निरर्थक ये जग जीवन 
ना ही सृष्टि अपार है 
नर का तन मन पाया हमने 
प्रभु का ही उपकार है 

जीवन के इन भोगों से हम 
जीवन नैया पार करें 
मन में इतना ज्ञान भरा हो 
मृत्यु से भी प्यार करें 

ओजस्वी हो जीवन इतना 
ऐसे अपने कर्म हो 
मोक्ष मिले - उद्देश्य हो इसका 
जीवन का ये धर्म हो   

ईशोपनिषद मन्त्र -१०

अन्यदेवाहुः सम्भवादन्यदाहुरसम्भवात । 
इति शुश्रुम् धीराणां ये नस्त्द्विचचक्षिरे II 10 II 

अध्ययन करे इस सृष्टि का 
इस धरा का , और वृष्टि का 
जो खोजते आरोग्य को 
हर वस्तु  को हर भोग्य को 
उपदेश देकर ज्ञान का 
उपकार कर इंसान का 

अध्यात्म को कुछ मानते 
ईश्वर को जो पहचानते 
जो ढूंढते उस शक्ति को 
वो कर रहे तप  भक्ति को 
उपकार वो भी कर रहे 
कल्याण जग का कर रहे 

हैं रास्ते  दोनों सुनो 
तुम रास्ता जो भी चुनो 
इस लोक का कल्याण हो 
उस लोक की पहचान हो 
उपकार करना विश्व का 
कल्याण  करना विश्व का 

ईशोपनिषद मन्त्र -९

अन्धन्तमः प्रविशन्ति ये सम्भूति मुपासते । 
ततो भूय इव ते तमो य उ सम्भूत्यां रताः II 9 II 

बस प्रकृति  को ही जानते 
बस सत्य उसको मानते 
जो पूजते जड़ प्रकृति को
सच मानते इस प्रवृति को 
वो डूबते संसार में 
वो डूबते अंधकार में !

जो ढूंढते हैं सृष्टि में 
अपनी ही कल्पित दृष्टि में 
उस शक्ति दिव्य स्वरुप को 
इक कल्पना के रूप को 
वो भी हैं यूँ कुछ अटकते 
अंधकार में ही भटकते !

ईशोपनिषद मंत्र -८

स पर्य गाच्छुक्रम्कायमव्रणमस्नाविरं शुद्धमपापविधम । 
कविर्मनीषि परिभूः स्वयम्भू र्याथातथ्यतोर्थान् व्यदधाच्छाश्वतीभ्यः समाभ्यः  II 8 II 
                             
हर जगह छाया हुआ वह, पर हमें दिखता नहीं 
पहुँचता वह हर समय है , पर हमें मिलता नहीं

शुद्ध है निर्मल है वह, ना कोई तन-देह है
कोई नस नाड़ी नहीं , फिर भी ना संदेह है
आता जाता हर जगह है, फिर भी वह चलता नहीं

ना कोई कर्ता है उसका , ना कोई कारण कहीं 
श्रृष्टि का निर्माण करता, करता वह धारण जमीं 
भूमि हिल जाती है कतिपय , वह मगर हिलता नहीं  

Wednesday, June 19, 2013

ईशावास्योपनिषद मन्त्र -7



यस्मिन्सर्वाणि भूतान्यात्मैवाभूद्विजानतः । 
तत्र को मोहः कः शोकः एकत्वमनुपश्यतः  II 7II 


One who is in full knowledge and spiritual wisdom – the whole world becomes one and a part of the Supreme Lord; for him there is no illusion or delusion nor is there any sorrow. 


                                
क्या मोह करूँ 
क्या शोक करूँ 
सब कुछ मेरा 
सब कुछ तेरा 

जब भेद नहीं 
मतभेद नहीं 
फिर राग नहीं 
फिर द्वेष नहीं 

जब मैं सब में 
जब तू सब में 
फिर कष्ट  कहाँ 
फिर दुःख कहाँ